Advertisement
मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच गुरुवार को साकीनाका के खैराणी रोड पर एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय असलम इसाक शेख की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, असलम सड़क पार करते समय मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे और इसी दौरान खुले मैनहोल में जा गिरे। मौके पर निजी ठेका कर्मचारियों द्वारा मैनहोल की सफाई और मरम्मत का काम चल रहा था। कर्मचारियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वह ड्रेनेज सिस्टम में बह गए। करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मुंबई फायर ब्रिगेड ने उनका शव बरामद किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सुरक्षा मानकों में लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है।
इसी दिन दहिसर में एक और हादसा टल गया, जहां एक व्यक्ति तेज बहाव वाले गहरे नाले में फंस गया। सूचना मिलते ही दहिसर पुलिस मौके पर पहुंची और रास्ते में लगी लोहे की जाली को काटकर नाले में उतर गई। जोखिम भरे अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल इलाज उपलब्ध कराया। बाद में उसके परिजनों का पता लगाकर उसे सकुशल उनके हवाले कर दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर प्रशासन ने नागरिकों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने, खुले मैनहोल और नालों के आसपास सावधानी बरतने तथा तेज बहाव वाले पानी में जाने से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए मानसून के दौरान सुरक्षा निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |