दमोह जनसुनवाई में महिला ने निकाली जहरीली गोलियां, नामांतरण नहीं होने पर आत्महत्या की दी चेतावनी
मध्य प्रदेश के दमोह कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब पटेरा तहसील के भरताला गांव की एक महिला ने अधिकारियों के सामने जहरीली गोलियों का पैकेट निकाल लिया। महिला ने चेतावनी दी कि यदि उसकी खरीदी गई जमीन का नामांतरण और कब्जा नहीं दिलाया गया तो वह वहीं जहर खाकर आत्महत्या कर लेगी। अधिकारियों और पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे शांत कराया और मामले के जल्द निराकरण का भरोसा दिलाया।
महिला नीतू राजपूत का आरोप है कि उसने पांच वर्ष पहले जमीन खरीदकर उसकी रजिस्ट्री कराई थी, लेकिन आज तक न तो नामांतरण हुआ और न ही कब्जा मिला। उसका कहना है कि वह कई बार तहसील और कलेक्ट्रेट में शिकायत कर चुकी है, लेकिन हर बार केवल अगली तारीख देकर मामला टाल दिया जाता है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबंधित तहसीलदार से चर्चा कर बताया कि मामला न्यायालय में लंबित है और इसकी अगली सुनवाई 16 जुलाई को निर्धारित है।
उधर, अशोकनगर में भी जनसुनवाई के दौरान एक किसान ने अपनी जमीन पर कथित अवैध कब्जे से परेशान होकर कलेक्ट्रेट परिसर में खुद पर केरोसिन उड़ेल लिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने समय रहते उसे रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। किसान का आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद उसकी जमीन पर हुए कब्जे के मामले में अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।