सलकनपुर देवी धाम के प्रबंधन पर अभिनेता विक्रम मस्ताल के गंभीर आरोप, दान राशि की जांच और हिसाब सार्वजनिक करने की मांग
अभिनेता और टीवी धारावाहिक में हनुमान की भूमिका निभा चुके विक्रम मस्ताल ने सीहोर जिले के प्रसिद्ध सलकनपुर विजयासन देवी धाम के प्रबंधन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मंदिर में हर वर्ष करोड़ों रुपये का दान और चढ़ावा आता है, लेकिन इसकी आय-व्यय का सार्वजनिक लेखा-जोखा उपलब्ध नहीं कराया जाता। उन्होंने दान राशि का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।
विक्रम मस्ताल ने आरोप लगाया कि मंदिर के प्रबंधन पर लंबे समय से एक ही परिवार का प्रभाव बना हुआ है और व्यवस्थाओं में पारदर्शिता की कमी है। उन्होंने मंदिर में हुई चोरी की घटना का भी उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद ऐसी घटना कैसे हुई। उनके अनुसार, इन सभी मामलों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।
अभिनेता ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी हस्तक्षेप की अपील की है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से मंदिर की वार्षिक आय और व्यय का पूरा विवरण सार्वजनिक करने तथा प्रबंधन व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। फिलहाल इन आरोपों पर मंदिर प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।