Advertisement
छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा मार्केट के जलाराम लॉज में पुलिस ने छापेमारी कर कथित देह व्यापार का खुलासा किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लॉज में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके बाद डीएसपी क्राइम, महिला अधिकारियों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लॉज के कमरों में तीन जोड़ों को पकड़ा। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि लॉज संचालक विजय गुजराती पिछले कई महीनों से कथित तौर पर इस अवैध गतिविधि का संचालन कर रहा था। बताया जा रहा है कि लॉज में केवल उन्हीं लोगों को प्रवेश दिया जाता था, जिनके मोबाइल नंबर पहले से दर्ज थे। पुलिस ने लॉज से रजिस्टर, मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद और अन्य सामान भी जब्त किया है। मामले की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने लॉज संचालक समेत दो ग्राहकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, पुलिस ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्रवाई करते हुए मौके पर मिली तीनों महिलाओं को गिरफ्तार नहीं किया गया। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जाएगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |