Advertisement
भोपाल। राजधानी के कोलार रोड पर बनने वाले अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मानसिक पुनर्वास केंद्र के निर्माण में हाईटेंशन लाइन की बाधा जल्दी ही दूर करेंगे। केंद्र के लिए पानी की मुकम्मल व्यवस्था भी सुनिश्चित किए जाने के प्रयास चल रहे हैं। जिला प्रशासन से इस बारे में चर्चा कर जल्दी ही औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके अलावा दिव्यांगों की सुविधाओं के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं।
यह जानकारी केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गेहलोत ने दी। नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में पुराने विभाग की जवाबदारी संभालने वाले चुनिंदा मंत्रियों में गेहलोत भी शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि केंद्रीय योजनाओं के काम में राज्य सरकार का सहयोग मिलता रहेगा।
उन्होंने बताया कि भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मानसिक पुनर्वास केंद्र का भूमिपूजन हुए काफी समय बीत चुका है। अब जल्दी ही इसका निर्माण पूरा कराएंगे। गेहलोत ने बताया कि कुछ अड़चनें आ रही हैं, उन्हें दूर करने के लिए मैं फॉलोअप कर रहा हूं। हमारे मंत्रालय के अधिकारी जिला प्रशासन के संपर्क में हैं।
केंद्रीय मंत्री गेहलोत ने एक सवाल के जवाब में बताया कि जबलपुर और ग्वालियर के लिए भी मंत्रालय की योजनाएं हैं। संभागीय स्तर पर दिव्यांगों के लिए 500 सीटर का हॉस्टल बनाने की योजना भी है। उन्होंने बताया कि मंत्रालय का दूसरी बार कामकाज संभालने के बाद दिल्ली में कुछ दिन व्यस्तताएं रहेंगी। इसके बाद भोपाल का कार्यक्रम बनाएंगे। पुनर्वास केंद्र के निर्माण को पहली प्राथमिकता पर रखा गया है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |