राजगढ़ में अजीब चोरी: दो घरों से जेवर-नकदी, तीसरे से बकरियां ले गए बदमाश
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा क्षेत्र स्थित कांसौरकला गांव में शनिवार-रविवार की रात चोरों ने सिलसिलेवार वारदातों को अंजाम देकर ग्रामीणों में दहशत फैला दी। आधा दर्जन से अधिक बदमाश देर रात छह मकानों में घुसने की कोशिश करते हुए तीन घरों में चोरी करने में सफल रहे। चोरों ने पीछे की ओर नसैनी लगाकर मकानों में प्रवेश किया और लाखों रुपये के जेवरात, नकदी तथा दो बकरियां चोरी कर फरार हो गए।
पहली वारदात राजेश राजपूत के घर में हुई, जहां बदमाशों ने अलमारी और तिजोरी का ताला तोड़कर करीब एक किलो चांदी के जेवर और 20 हजार रुपये नकद चुरा लिए। इसके बाद दिलीप प्रजापति के घर से चांदी की पायल और अन्य आभूषण चोरी किए गए। वहीं पड़ोसी जगदीश धनगर के घर में घुसकर चोर आंगन में बंधी करीब 25 हजार रुपये कीमत की दो बकरियां भी ले गए। तीनों घटनाओं में बदमाशों ने एक ही तरीके से पीछे से नसैनी लगाकर घरों में प्रवेश किया।
ग्रामीणों के अनुसार चोरों ने तीन अन्य मकानों में भी घुसने की कोशिश की, लेकिन परिवार के लोगों के जाग जाने और शोर मचाने पर वे भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थलों का निरीक्षण कर मामला दर्ज किया। ब्यावरा शहर थाना प्रभारी शिवराजसिंह चौहान ने बताया कि पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है तथा जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।