Advertisement
भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच अभी कई अहम सवालों के जवाब तलाश रही है। इस मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह न्यायिक हिरासत में हैं, जिसे 30 जून तक बढ़ा दिया गया है। जांच एजेंसी अभी दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों का इंतजार कर रही है। ट्विशा की मौत से पहले हुई कथित गर्भावस्था और गर्भपात का मामला जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।
गर्भपात को लेकर तीन अलग-अलग दावे सामने आए हैं। सास गिरिबाला सिंह का कहना है कि ट्विशा बच्चा नहीं चाहती थी और उसने परिवार को बताए बिना गर्भपात कराया। वहीं, ट्विशा के मायके पक्ष का आरोप है कि पति समर्थ सिंह की नशे की लत के कारण ट्विशा बच्चे के भविष्य को लेकर चिंतित थी और चाहती थी कि पहले उसका पति सामान्य जीवन अपनाए। दूसरी ओर, समर्थ सिंह के बयानों में भी विरोधाभास सामने आया है। पहले उसने दावा किया कि ट्विशा ने बिना बताए गर्भपात कराया, जबकि बाद में पूछताछ में कहा कि वह स्वयं ट्विशा को डॉक्टर के पास लेकर गया था। इन परस्पर विरोधी दावों की जांच की जा रही है।
नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। 12 मई 2026 की रात वह अपने ससुराल की छत पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं। इसके बाद पति और सास पर साक्ष्य मिटाने तथा मामले को प्रभावित करने की कोशिश करने के आरोप लगे। फिलहाल केंद्रीय जांच एजेंसी सभी पक्षों के बयान, मेडिकल रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की सच्चाई तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अभी तक किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि जांच एजेंसी द्वारा नहीं की गई है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |