Advertisement
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे “कॉकरोच पार्टी” ट्रेंड को अब साइबर ठगों ने नया हथियार बना लिया है। इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर फर्जी लिंक भेजकर लोगों को जाल में फंसाया जा रहा है। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल फोन का कंट्रोल साइबर अपराधियों के हाथ में पहुंच जाता है और कुछ ही मिनटों में बैंक खाते खाली हो रहे हैं। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक युवक करीब एक लाख रुपए की ठगी का शिकार हो गया, जब उसने “कॉकरोच पार्टी ज्वाइन करें” नाम से आए लिंक पर क्लिक कर दिया।
साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक ठग “फ्री गिफ्ट”, “एक्सक्लूसिव एक्सेस” और “पार्टी सदस्य बनें” जैसे आकर्षक मैसेज भेजकर लोगों को फंसाते हैं। कई मामलों में लिंक नकली वेबसाइट पर ले जाता है, जबकि कुछ लिंक मोबाइल में मालवेयर या रिमोट एक्सेस एप इंस्टॉल कर देते हैं। इसके जरिए ठग बैंकिंग डिटेल, यूपीआई पिन, ओटीपी और सोशल मीडिया अकाउंट तक पहुंच बना लेते हैं। विशेषज्ञों ने डॉट xyz, डॉट top, डॉट buzz और डॉट click जैसे संदिग्ध डोमेन वाली वेबसाइटों से सतर्क रहने की सलाह दी है।
साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि यदि गलती से किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक हो जाए तो तुरंत इंटरनेट बंद करें, बैंकिंग ऐप्स के पासवर्ड और यूपीआई पिन बदलें तथा मोबाइल को स्कैन करें। साथ ही बैंक हेल्पलाइन और राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस और साइबर सेल ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |