Advertisement
रामपुर जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब चलती संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बदमाशों ने दिनदहाड़े 7 लाख रुपये की लूट को अंजाम दे दिया। बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के पास हुई इस वारदात में हथियारबंद अपराधियों ने ट्रेन में सवार दो कर्मचारियों को गन पॉइंट पर लेकर नकदी छीन ली। घटना इतनी तेजी से हुई कि अन्य यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों के बीच डर का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार रुद्रपुर निवासी एक व्यापारी के कर्मचारी नगदी लेकर दिल्ली जा रहे थे, तभी रास्ते में तीन बदमाश ट्रेन में चढ़ गए। उन्होंने पहले स्थिति को समझा और फिर कर्मचारियों को निशाना बनाकर गन पॉइंट पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। नकदी लूटने के बाद बदमाशों ने हवाई फायरिंग की, जिससे दहशत और बढ़ गई। जैसे ही ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई, तीनों आरोपी मौके से कूदकर फरार हो गए। इस दौरान किसी यात्री की हिम्मत नहीं हुई कि वे उनका विरोध कर सकें।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पीड़ित कर्मचारियों से पूछताछ की गई और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, ट्रेन के रूट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा, वहीं इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Patrakar sneha singh
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |