Video

Advertisement


बेनई जंगल में घात लगाकर वारदात, पिकअप ड्राइवर को बनाया निशाना
ambikapur,Ambush,incident, Benai forest, pickup driver targeted

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेनई जंगल में सोमवार रात एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई। ग्राम रायकेरा निवासी समीर उल्लाह खान, जो एक फर्नीचर दुकान में पिकअप चालक के रूप में काम करते हैं, जशपुर जिले के बगीचा से सामान सप्लाई कर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे जैसे ही वे जंगल के पास स्थित हनुमान मंदिर के नजदीक पहुंचे, तभी दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। कुछ ही देर में बदमाशों ने ओवरटेक कर पिकअप को जबरन रुकवाया और चालक को गाड़ी से नीचे खींच लिया।

 

घटना के दौरान बदमाशों ने चाकू की नोक पर समीर उल्लाह खान से पैसे की मांग की। जब चालक ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उस पर चाकू और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने उसके पास मौजूद करीब 51 हजार 200 रुपए और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बदमाश मौके से तेजी से फरार हो गए। घायल चालक किसी तरह खुद को संभालते हुए सीतापुर पहुंचा और अपने मालिक को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

 

पीड़ित की शिकायत के आधार पर छत्तीसगढ़ पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। चालक के अनुसार, सभी आरोपी पल्सर बाइक पर सवार थे और उनकी उम्र लगभग 20 से 30 वर्ष के बीच थी। पुलिस आसपास के जंगल और मुख्य मार्गों पर जांच कर रही है, साथ ही संदिग्धों की पहचान के लिए मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा, वहीं इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

sneha singh 15 April 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.