Advertisement
Rewa में एटीएम बूथ के अंदर मदद का नाटक कर एक शिक्षक के साथ ठगी का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के नीम चौराहा स्थित एटीएम में दो युवकों ने चालाकी से उनका कार्ड बदल दिया और खाते से 80 हजार रुपए निकाल लिए। यह पूरी घटना 8 अप्रैल की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आने के बाद पुलिस जांच तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, शिक्षक मिठाईलाल साकेत एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे, लेकिन ट्रांजैक्शन पूरा नहीं हो सका। इसी दौरान दो युवक मदद के बहाने अंदर आए और बातचीत के बीच उनका कार्ड बदलकर नकली कार्ड थमा दिया। आरोपी असली कार्ड लेकर मौके से फरार हो गए और कुछ ही देर बाद दूसरे एटीएम से पैसे निकाल लिए। मोबाइल पर ट्रांजैक्शन का मैसेज आने के बाद शिक्षक को ठगी का पता चला।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम में किसी अनजान व्यक्ति की मदद न लें और अपने कार्ड व पिन की जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखें। अधिकारियों का कहना है कि सतर्कता ही इस तरह की धोखाधड़ी से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |