Advertisement
रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत 4 और 5 अप्रैल को पांच जिलों—बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद और रायपुर ग्रामीण—में व्यापक अभियान चलाया। 95 पुलिस टीमों ने एक साथ दबिश देकर अपराधियों और नशे के अवैध नेटवर्क पर कार्रवाई की। इस दौरान कुल 384 रेड और चेकिंग की गई, अवैध नशा, शराब और हथियार जब्त किए गए, और 46 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान में आबकारी एक्ट और नारकोटिक्स एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई हुई। आबकारी एक्ट के 126 मामलों में 802.436 लीटर शराब और 597 पौवा जब्त किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत 21.945 किलोग्राम मादक पदार्थ और 60 नशीली टैबलेट बरामद हुईं। स्थानीय स्तर पर बलौदाबाजार-भाटापारा में 5.6 किलो मादक पदार्थ, गरियाबंद में 158 लीटर शराब, धमतरी में 3.9 किलो मादक पदार्थ, महासमुंद में 10.5 किलो मादक पदार्थ और 357 लीटर शराब, और रायपुर ग्रामीण में 1.8 किलो गांजा और 597 पौवा शराब जब्त की गई।
ऑपरेशन में दो पिस्टल जब्त की गई और आर्म्स एक्ट के 6 मामले दर्ज किए गए। वारंट तामील अभियान के तहत कुल 46 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 31 गिरफ्तारी वारंट, 14 स्थायी वारंट और 1 जमानती वारंट शामिल है। इसके अलावा सट्टा-जुआ गतिविधियों के खिलाफ 2 मामले दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 6,230 रुपए जब्त किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जाएगा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |