Advertisement
मध्य प्रदेश के जबलपुर में सेक्सटॉर्शन गैंग सोशल मीडिया पर सक्रिय होकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ये गैंग इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसी प्लेटफॉर्म पर खूबसूरत युवतियों की फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को दोस्ती के झांसे में फंसाता है। फिर टेलीग्राम जैसे एप पर वीडियो कॉल और संदिग्ध लिंक के जरिए मोबाइल डेटा और अश्लील वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी जाती है। शहर में हर महीने औसतन 15 मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन बदनामी के डर से अधिकांश पीड़ित शिकायत तक नहीं कर रहे।
जालसाज पहले लोगों को आकर्षक प्रोफाइल से जोड़ते हैं और बातचीत में उलझाकर उन्हें वीडियो कॉल या संदिग्ध लिंक के जरिए फंसाते हैं। साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर जुड़ना जोखिम भरा हो सकता है। युवा और छात्र सबसे ज्यादा निशाना बन रहे हैं। हाल के महीनों में IIITDM के दो छात्रों से करीब 18 हजार रुपए की ठगी हुई, जबकि बरगी और शहपुरा क्षेत्रों में भी इसी तरह के मामले सामने आए हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और वीडियो कॉल में दबाव महसूस होने पर सतर्क रहें। यदि कोई इस तरह के जाल में फंसता है तो तुरंत साइबर सेल या हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। साइबर क्राइम सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा के अनुसार, कई पीड़ित केवल सलाह लेने ही साइबर शाखा आते हैं, जबकि मामलों की वास्तविक संख्या इससे अधिक होने की आशंका है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |