शहडोल में रेत माफिया की नई साजिश: पुलिसकर्मी के खाते में जबरन ट्रांसफर किए पैसे
शहडोल जिले के खैरहा थाना क्षेत्र में रेत माफियाओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई से बौखलाए एक आरोपी ने पुलिसकर्मी को फंसाने की कोशिश की। अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई के दौरान आरोपी विपिन द्विवेदी ने कार्रवाई में शामिल आरक्षक के फोन-पे खाते में बिना जानकारी के 5 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरक्षक ने तुरंत इस बारे में शिकायत दर्ज कराई, जिससे मामला उजागर हुआ।
जानकारी के अनुसार, खैरहा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अवैध रेत परिवहन कर रहे आरोपी को पकड़कर वाहन जब्त किया था। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने थाने से बाहर निकलते ही आरक्षक के खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए। प्रथम दृष्टया यह पुलिसकर्मी को फंसाने की साजिश मानी जा रही है।
थाना प्रभारी उमा शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी के खाते और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। इसके अलावा आरोपी पर जिले के विभिन्न थानों में कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और जांच जारी है।