Advertisement
रतलाम जिले की कनेरी ग्राम पंचायत के सचिव सत्यनारायण सेन को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी सचिव ने फरियादी प्रेम जैसवार से कॉलोनी में भवन निर्माण की अनुमति और नामांतरण कराने के एवज में 4,500 रुपये की रिश्वत ली। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त की टीम ने आरोप की पुष्टि कर इसे अंजाम तक पहुंचाया और सचिव के घर दबिश देकर रिश्वत की रकम जब्त कर ली।
लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल के मुताबिक, प्रेम जैसवार ने 18 फरवरी 2026 को उज्जैन लोकायुक्त को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उसने कनेरी क्षेत्र की मां विंध्यवासिनी ड्रीम सिटी कॉलोनी में खरीदे गए दो भूखंडों पर भवन निर्माण और नामांतरण के लिए आवेदन दिया था। सचिव ने इन दोनों कामों के लिए पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी, जिस पर लोकायुक्त ने जांच शुरू की और योजना बनाकर कार्रवाई की।
9 मार्च की रात करीब आठ बजे, फरियादी ने सचिव को रिश्वत की रकम दी और लोकायुक्त टीम को इशारा किया। इसके बाद टीम ने घर में दबिश देकर सचिव को पकड़ लिया और 4,500 रुपये जब्त किए। इस कार्रवाई में निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेष ललावत, आरक्षक श्याम शर्मा, संजीव कुमारिया और इसरार शामिल रहे। डीएसपी ने बताया कि सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |