सोशल मीडिया पोस्ट पर बवाल, थाने में हंगामा; आरोपी गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर की गई एक विवादित पोस्ट को लेकर गुरुवार देर शाम शहर में तनाव की स्थिति बन गई। पैगम्बर साहब पर आपत्तिजनक टिप्पणी सामने आने के बाद नाराज मुस्लिम समुदाय के युवक बड़ी संख्या में मोघट थाने पहुंच गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी प्रभाकर शिंदे को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन प्रदर्शन कर रहे लोग यहीं नहीं रुके और आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई तथा जुलूस निकालने की मांग करने लगे।
थाना परिसर में बढ़ते हंगामे को देखते हुए पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, इंस्टाग्राम पर की गई पोस्ट के खिलाफ सिंघाड़ तलाई निवासी मुजाहिद कुरेशी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 299 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया, लेकिन इसी दौरान थाने के बाहर भीड़ ने नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया।
स्थिति को संभालने के लिए कोतवाली और पदमनगर थाना पुलिस के साथ रिजर्व बल भी मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हालात को काबू में किया गया। इसके बाद पुलिस ने हंगामा करने के आरोप में 22 नामजद और 25 अज्ञात लोगों समेत कुल 47 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, बलवा और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।