Advertisement
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा कस्बे में मंदिर में तोड़फोड़ की घटना के बाद देर रात दो समुदायों के बीच हिंसा भड़क गई। बताया जा रहा है कि मंदिर और मस्जिद में एक साथ अजान और आरती के दौरान तेज आवाज को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते पथराव में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से हुए पथराव में दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के 12 से अधिक थानों से अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।
हिंसा की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और संयुक्त कार्रवाई कर भीड़ को तितर-बितर किया। क्षेत्र में रातभर गश्त की गई और एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान की जा रही है। फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
मंदिर समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि मस्जिद से बड़ी संख्या में लोग बाहर आकर विवाद करने लगे और मंदिर में घुसने की कोशिश की। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मस्जिद परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के कारण वहां रखे पत्थरों का पथराव में इस्तेमाल हुआ। कुछ लोगों के मस्जिद की छत और गेट के पास से पत्थर फेंकने की भी बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |