Advertisement
मध्य प्रदेश के रीवा में एक नाबालिग ऑनलाइन गेम में पैसे हारने के बाद कर्ज में फंस गया और उसने अपने ही घर में चोरी कर दी। रीवा में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम से लौटते समय सीधी निवासी तिवारी परिवार के बेटे ने अपनी मां के करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चुराए। पुलिस ने शिकायत मिलने के तुरंत बाद जांच शुरू कर दी और चोरी का खुलासा कर दिया। साथ ही, नाबालिग के एक दोस्त के घर से चोरी किए गए जेवर भी बरामद किए गए।
थाना प्रभारी आशीष मिश्रा के मुताबिक, जेवर गायब होने पर मां ने पुलिस को सूचना दी। जांच में पता चला कि नाबालिग पुत्र भी घर से गायब था। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उसे सीधी से पकड़कर रीवा लाया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने चोरी अपने दोस्त के यहां जेवर छिपाने के लिए की थी, ताकि ऑनलाइन गेम में हुए नुकसान के लिए अपने कर्ज चुकता कर सके।
नाबालिग ने बताया कि उसे ऑनलाइन गेम खेलने की लत लग गई थी और उसने दोस्तों से लिए कर्ज को चुकाने के लिए चोरी की। हालांकि, मां ने बेटे के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं कराने का निर्णय लिया। पुलिस ने बरामद जेवर मां को सुपुर्द कर दिए और माता-पिता को बेटे की गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी, ताकि भविष्य में ऐसी वारदातें न हों।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |