Advertisement
रायरू डिस्टिलरी से जबलपुर के लिए रवाना 2000 पेटी देशी मसाला शराब से भरा ट्रक आबकारी विभाग की सतर्कता के चलते सागर जिले में पकड़ा गया। ट्रक मालिक और चालक ने करीब 1100 पेटी शराब गायब करने के बाद फर्जी लूट की कहानी गढ़ने के लिए ट्रक पलटने की साजिश रची थी, लेकिन आबकारी विभाग की जांच में पूरा मामला सामने आ गया। टीम ने ट्रक को हीरापुर तहसील के बंडा क्षेत्र से बरामद कर लिया।
आबकारी विभाग ने ट्रक क्रमांक MP 07 MA-5050 से कुल 976 पेटी देशी मसाला मदिरा जब्त की। जांच में पता चला कि ट्रक ग्वालियर से लगभग 2000 पेटी शराब लेकर निकला था, लेकिन रास्ते में बड़ी मात्रा में शराब की हेराफेरी की गई। 2 फरवरी की रात करीब 11:50 बजे मिली सूचना पर आबकारी टीम ने रायरू क्षेत्र के ग्राम बीलपुरा में उदयभान उर्फ सोनू यादव के पशुबाड़े पर दबिश दी, जहां भूसे के ढेर में छिपाकर रखी गई 30 पेटी देशी मसाला मदिरा बरामद हुई।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि 31 जनवरी को रायरू डिस्टिलरी से जबलपुर देशी वेयरहाउस के लिए निकले ट्रक ने ग्वालियर में अपने एक रिश्तेदार के घर पर करीब 400 पेटी शराब उतार दी थी। इस बरामदगी के बाद अवैध परिवहन और शराब घोटाले की पूरी कड़ी सामने आ गई है, जिस पर आबकारी विभाग आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |