Advertisement
पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की कथित रेप और मौत के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी द्वारा सरकार पर लगाए गए आरोपों पर उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर इस मामले में किसी मंत्री या मंत्री के बेटे की संलिप्तता है तो उसका नाम सार्वजनिक किया जाए, “मैं गारंटी देता हूं कि 24 घंटे के अंदर उसे जेल भेजा जाएगा।”
राबड़ी देवी ने गुरुवार को सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया था कि इस पूरे मामले को सरकार बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया और घटना को आत्महत्या बताने की कोशिश की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप की आशंका सामने आने के बाद डॉक्टरों को गलत ठहराने का प्रयास हुआ। दबाव बढ़ने पर मामला एसआईटी और बाद में सीबीआई को सौंपा गया, जिससे राबड़ी देवी ने पूरे प्रकरण को लीपापोती करार दिया।
इन आरोपों पर शुक्रवार को सम्राट चौधरी ने जवाब देते हुए कहा कि बिना सबूत ऐसे गंभीर आरोप लगाना गलत है। उन्होंने राबड़ी देवी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर वे जनता के सामने नाम बताती हैं और उसमें किसी मंत्री या उसके बेटे की भूमिका सामने आती है, तो सरकार बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई करेगी। इस बयान के बाद मामला और अधिक राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |