Advertisement
आय से अधिक संपत्ति मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया आज नाभा जेल से बाहर आएंगे। उनकी रिहाई को लेकर जेल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुबह से ही समर्थक नाभा जेल के बाहर जुटने लगे हैं और ढोल-नगाड़ों के साथ भंगड़ा कर खुशी जता रहे हैं। मजीठिया करीब सात महीने से नाभा जेल में बंद थे।
विजिलेंस ब्यूरो ने बिक्रम मजीठिया को पिछले साल 25 जून को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया था। यह मामला करीब 540 करोड़ रुपये की कथित ड्रग मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है। इस केस में 22 अगस्त को मोहाली की अदालत में लगभग 40 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल की गई थी, जिसके बाद से यह मामला लगातार चर्चा में बना रहा।
रिहाई से पहले मजीठिया से मिलने वालों का सिलसिला भी जारी रहा। सोमवार को राधा स्वामी सत्संग डेरा ब्यास के प्रमुख गुरिंदर सिंह ढिल्लों नाभा जेल पहुंचे और उन्होंने करीब आधे घंटे तक मजीठिया से मुलाकात की। बाहर आकर ढिल्लों ने कहा था कि मजीठिया के खिलाफ लगे आरोप झूठे हैं और वह पूरी तरह चढ़दी कलां में हैं। इससे पहले शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी जेल में उनसे मिल चुके हैं, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब यात्रा के अगले दिन हुई ढिल्लों की मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में खासा ध्यान खींचा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |