Advertisement
संभल । उत्तर प्रदेश के संभल में 1978 के दंगों से जुड़े एक मामले में बुधवार को संभल कोतवाली क्षेत्र की एकता पुलिस चौकी महमूद खां सराय स्थित मुख्य बाजार में स्थित एक कुएं की खुदाई शुरू की गई है। जाच मे सामने आया है कि इस कुएं में परचून व्यापारी रामशरण रस्तोगी की हत्या के बाद उनके शव को तराजू-बाट बांधकर फेंका गया था।
संभल हिंसा की बरसी पर 24 नवंबर 2024 को जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया और पुलिस अधीक्षक कृष्ण विश्नोई ने क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने फुट पेट्रोलिंग भी की। कुएं के ठीक सामने अकबरपुर मंडी में मृतक रामशरण रस्तोगी के भतीजे सुशील रस्तोगी की दुकान है, जिनसे अधिकारियों ने बातचीत की थी। इसके बाद शिकायत के आधार पर डीएम और एसपी ने सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और पालिका ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी को कुएं की खुदाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद बुधवार को दोनों अधिकारियों की मौजूदगी में मजदूरों ने कुएं की खुदाई का काम शुरू किया है।
मृतक रामशरण रस्तोगी के भतीजे सुशील रस्तोगी ने बताया कि 1978 के दंगों में उनके ताऊ की निर्मम हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि डीएम और एसपी ने उनसे इस संबंध में जानकारी ली थी। मृतक के पोते कपिल रस्तोगी ने भी हाल ही में, 10 फरवरी 2025 को एसडीएम और डीएम को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी।
इस संबंध मे सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि डीएम और एसपी ने 24 नवंबर को हिंसा की बरसी पर फुट पेट्रोलिंग के दौरान कुएं का निरीक्षण किया था। उन्होंने बताया कि कुएं की खुदाई के निर्देश दिए गए हैं और उसी क्रम में आज यह कार्य किया जा रहा है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस कुएं का इतिहास बहुत पुराना है और यह 1978 के दंगों से जुड़ा हुआ है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |