Video

Advertisement


सीधी में खड़े ट्रक में घुसी बोलेरो
bhopal, Bolero collided , truck parked
भोपाल । मध्य प्रदेश के सीधी जिले में गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे पर शाम 7.30 बजे एक तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में मयापुर भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवकुमारी जायसवाल के परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां से रीवा रेफर कर दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर ग़हरा दुख व्यक्त किया है।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि सीधी में गुरुवार को देर शाम एक बोलेरो वाहन के खड़े ट्रक से टकरा जाने के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे में तीन नागरिकों की मृत्यु हुई है। पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजन को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के उचित इलाज की व्यवस्था करने के लिए सीधी जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं। तीनों घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए रीवा रेफर किया गया है।


दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को सीधी जिले के बहरी तहसील में सोन नदी पर बने पुल का उद्घाटन करने वाले हैं। यह पुल सिंगरौली से बहरी होते हुए उत्तर प्रदेश को जोड़ता है। इस कार्यक्रम के लिए तैयारियां चल रही थी। कार्यक्रम स्थल के बाहर खड़े ट्रक में टेंट का सामान रखा था। गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार बोलेरो इसी ट्रक से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। हादसे में बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।


पुलिस ने बताया कि बोलेरो वाहन जेठूला गांव निवासी जगदीश जायसवाल के नाम से रजिस्टर्ड है। जगदीश जायसवाल का बेटे प्रिंस जायसवाल कार लेकर घर से निकला था। उनके साथ दो लोग सवार थे, लेकिन रास्ते में कुछ और लोग बैठ गए, जिससे वाहन में कुल छह लोग हो गए। हादसे में धर्मेंद्र (24) पुत्र चूड़ामणि जायसवाल और गीता उर्फ आदित्य (55) पुत्र रघुनाथ की मौत हो गई। वहीं एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं बालकृष्ण (25) पुत्र बाबूलाल प्रजापति, प्रिंस (22) पुत्र जगदीश जायसवाल और अजय (22) पुत्र जगदीश जायसवाल को गंभीर हालत में रीवा रेफर किया गया है। ये सभी जेठू गांव के रहने वाले हैं। एसडीएम प्रिया पाठक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।


घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अगर किसी की मौके पर मौत हो जाती है तो तब तक उसकी बॉडी को वहां से नहीं उठाया जाता है, जब तक उसके परिजन नहीं पहुंच जाएं, लेकिन उनकी बॉडी को वहां से उठा लिया गया। उन्होंने कहा कि जिनकी मौत हो गई है, जिला अस्पताल में लाकर उनका ईसीजी किया जा रहा है। ऐसा उन्हें नहीं करना चाहिए। हमारे सामने मृत व्यक्ति को ला रहे हैं और उनकी ईसीजी कर रहे हैं। यह बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण है।


इधर, सिंहावल विधायक विश्वामित्र पाठक ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से कार्यक्रम स्थगित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हमारे मंडल अध्यक्ष के परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है, इसलिए अन्य दिन कार्यक्रम करें।
Kolar News 19 September 2025

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.