Advertisement
मुरैना । मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक ससुर ने अपनी बहू की गाेली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी ससुर ज्ञान सिंह गुर्जर मौके से फरार हो गया। वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश और इस घटना के पीछे की वजह की तलाश में जुटी हुई है।
घटना बुधवार देर रात की है। सिविल लाइन इलाके में सिकरौदा नहर के पास ज्ञान सिंह गुर्जर (65) ने बहू प्रियंका (25) को 315 बोर के कट्टे से गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह बहू की शादी अपने बड़े भाई के बेटे से कराना चाहता था, जिसके लिए महिला मना कर रही थी। इसी बात से गुस्से में आकर आरोपी ने बहू पर तीन फायर किए। एक गोली दीवार में लगी, जबकि दो गोली उसके सीने में लगी। बताया जा रहा है कि महिला के पति की एक साल पहले ही मौत हुई है। तब से वह अपने तीन बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। वह 4 दिन पहले ही ससुराल लौटी थी।
सिविल लाइन थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला ने बताया कि ससुर ने बहू की हत्या कर दी है। आरोपी फरार है। हत्या की ठोस वजह अभी सामने नहीं आई है। मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार ज्ञान सिंह के दोनों बेटों की मौत पिछले डेढ़ साल के भीतर हो चुकी है। गुरुवार दाेपहर काे पाेस्टमार्टम के बाद शव परिजनाें काे साैंप दिया। गांववालों का कहना है कि एक बेटे की लाठियों से पिटाई में मौत हुई, जबकि दूसरे ने जहर खा लिया था। इन दोनों मामलों के लिए भी लोग ज्ञान सिंह को ही जिम्मेदार मानते हैं। प्रियंका के पति अजय की मौत 9 जून 2024 को हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी लड़की 7 साल की है। उससे छोटे 5 साल और 3 साल के दो बेटे हैं। वहीं मृतक महिला के भाई मुकेश ने बताया, ससुर ज्ञान सिंह बहन पर दूसरी शादी करने का दबाव बना रहा था। वह अपने बड़े भाई अवतार सिंह के बेटे ध्रुव (27) से प्रियंका की शादी करवाना चाहता था। ध्रुव की शादी नहीं हुई है। बहन इस रिश्ते से इनकार कर रही थी क्योंकि उसके पहले से तीन बच्चे हैं। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद होता रहता था।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |