Advertisement
आखिरकार नगर निगम प्रशासन ने केरवा के पानी की वार्ड-83 में सप्लाई बुधवार से शुरू कर दी। पानी की सप्लाई की शुरुआत फाइन एवेन्यू कॉलोनी से किया गया। फिलहाल वर्तमान में केरवा का पानी फाइन एवेन्यू कॉलोनी के 180 घरों में सप्लाई किया जाएगा।
वार्ड-83 में नगर निगम प्रशासन नल कनेक्शन लेने के लिए लोगों से अपील कर चुका है। लेकिन, लोगों का विरोध है कि नल कनेक्शन का शुल्क 10 हजार रुपए बहुत ज्यादा है। इसे कम किया जाए। लोगों का कहना है कि हम सालों से संपत्ति कर के साथ जल कर भी जमा कर रहे हैं। ऐसे में निगम को नल कनेक्शन का शुल्क कम कर देना चाहिए। इसके लिए रहवासी समितियां और स्थानीय लोग नगर निगम सहायक यंत्री आशीष व्यास से लेकर निगम कमिश्नर तक शिकायत कर चुके हैं। विधायक व पार्षदों से भी नल कनेक्शन शुल्क काम कराने की गुहार लगा चुके हैं।
अप्रैल तक पूरे कोलार को केरवा का पानी मिलना मुश्किल
क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा ने 25 दिसंबर को केरवा पेयजल योजना का लोकार्पण किया था। इस दौरान स्थानीय लोगों से वादा किया था कि मार्च तक पूरे कोलार में केरवा का पानी सप्लाई शुरू हो जाएगा। योजना के तहत ऑर्चर्ड पैलेस, बंजारी, नयापुरा, ललिता नगर और बैरागढ़ चीचली में बनाई 20-20 लाख लीटर की टंकियों से पानी सप्लाई किया जाना है। 25 दिसंबर को ऑर्चर्ड पैलेस और बंजारी पर बनी टंकियों से वार्ड-80 और 82 की कॉलोनियों में केरवा का पानी सप्लाई शुरू की गई। अब ललिता नगर की टंकी से फाइन एवेन्यू में पानी सप्लाई किया है। अभी नयापुरा और बैरागढ़ चीचली की टंकी से केरवा का पानी सप्लाई किया जाना है। लेकिन काम की धीमी रफ्तार को देखकर नहीं लग रहा है कि अप्रैल में भी केरवा का पानी पूरे कोलार को मिलने लगे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |