Video

Advertisement


इंदौर की पारंपरिक गेर देखने के लिए पहुंची यूनेस्को की टीम
indore, UNESCO team , traditional Ger
इंदौर । देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में बुधवार को रंगपंचमी पर अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है। यहां मध्यक्षेत्र राजवाड़ा में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी रंगपंचमी पर ऐतिहासिक-पारंपरिक गेर निकली जा रही है। पूरा क्षेत्र रंगों से सराबोर है। टैंकरों से रंग और पानी की बौछार कई फीट ऊपर तक की जा रही है। वहीं मिसाइलों से  गुलाल उड़ाया जा रहा है। 75 साल से चले आ रहे इस पारंपरिक आयोजन में फाग यात्रा में झांकियां भी शामिल की गई हैं। ब्रज की लठ्ठमार होली, रासरंग, श्रीकृष्ण की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यूनेस्को की टीम भी यहां पहुंच गई है।
 
दरअसल, इंदौर की इस पारंपरिक गेर को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के प्रयास किये जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से यूनेस्को की टीम यहां पहुंची है और रंगारंग गेर में शामिल हुई है। इस विश्व प्रसिद्ध गेर को देखने के लिए इंदौर में छतों की बुकिंग की गई है। फाग यात्रा में मंत्री तुलसी सिलावट और विधायक मालिनी गौड़ भी शामिल हैं। इसमें कालीचरण महाराज सहित कई देशी-विदेशी मेहमान शामिल हुए हैं।
 
परम्परा के अनुसार, रंगपंचमी पर राजवाड़ा क्षेत्र में टोरी कार्नर से बुधवार को सुबह 10.30 बजे से गेर निकलने का सिलसिला प्रारंभ हुआ। गेर में शामिल होने आए लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली पर चढ़कर रंग-गुलाल उड़ा रहे हैं। यहां हर पॉइंट पर पुलिस नजर रखे हुए है। वहीं, नरसिंह बाजार से भी गेर की फाग यात्रा भगवान श्रीकृष्ण की आरती के बाद शुरू हो गई है। यात्रा में श्रीकृष्ण की लीलाओं को दर्शाया गया है। इस यात्रा में प्रदेश के मंत्री तुलसी सिलावट और विधायक मालिनी गौड़ भी शामिल हैं।
 
गेर की यात्रा में नगर निगम की झांकी भी शामिल है। इसके माध्यम से संदेश दिया जा रहा कि इंदौर 8वीं बार भी देश में सबसे स्वच्छ शहर का अवॉर्ड जीतेगा। हुरियारों की टोलियां पूरे शहर से गेर देखने के लिए राजवाड़ा पहुंची। पूरा क्षेत्र रंगों से सराबोर है। इस अद्भुत नजरों के गवाह शहर के हर उम्र के लोग बन रहे हैं। लाखों लोग इस दौरान यहां मौजूद हैं। गेर के चलते इंदौर की गलियां लोगों से पट गई हैं। हर तरफ भीड़ और गुलाल नजर आ रहा है।
 
गेर की तैयारी एक दिन पहले ही पूरी हो चुकी थी और राजवाड़ा क्षेत्र में घरों और मंदिरों को प्लास्टिक शीट से ढंक दिया गया था। टोरी कार्नर से शुरू होकर राजवाड़ा, सराफा होते हुए नर्सिह बाजार गेर और फाग यात्रा पहुंचेगी। इसमें राधा कृष्ण फाग यात्रा, संगम कार्नर गेर, टोरी कार्नर गेर, रसिया कार्नर और मारल क्लब की गेर निकलती है। रसिया कार्नर की गेर इस बार नहीं निकलेगी।
 
इस आयोजन में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल होंगे। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाल रही है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पूरी गेर पर नजर रखी जा रही है। पूरे गेर मार्ग को कानून व्यवस्था की दृष्टि से नौ सेक्टरों में विभाजित कर अपर कलेक्टर स्तर के अधिकारियों को प्रभारी बनाया गया है। इन सेक्टरों की जवाबदारी एसडीएम को सौंपी गई है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोशन राय संपूर्ण कानून व्यवस्था के समन्व्यक हैं।
 
यूनेस्को में शामिल करने गेर को शालीन बनाना होगाः कलेक्टर
इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि गेर के रास्ते सेक्टर में बांटे गए हैं। सभी सेक्टर में एम्बुलेंस, फायर फाइटर्स, सीसीटीवी, पुलिस तैनात की गई है। कंट्रोल रूम के माध्यम से नजर रखी जा रही है। यूनेस्को में शामिल होने का हमारा दावा भी तभी मजबूत होगा जब हम शालीन तरीके से, महिलाओं की सहभागिता और सुरक्षित तरीके से गेर निकालेंगे। जिसमें सभी लोग अपने आप को सेफ महसूस कर पाएं।
 
Kolar News 19 March 2025

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.