कोलर में बी.डी.ए. कमजोर एवं निम्न आय वर्ग परिवारों हेतु 1424 फ्लेट बनाएगा
मंत्रि-परिषद उप समिति की बैठक आर.एस.पाराशरभोपाल विकास प्राधिकरण कोलार नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले ग्राम सलैया में कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए 1424 फ्लेट बनाएगा। परियोजना के लिये राज्य शासन द्वारा 25 एकड़ भूमि आरक्षित की गयी है। यह जानकारी नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री बाबूलाल गौर की अध्यक्षता में आज हुई मंत्रि-परिषद उप समिति की बैठक में दी गयी। बैठक में जल संसाधन तथा आवास एवं पर्यावरण (आवास को छोड़कर) मंत्री श्री जयंत मलैया के अलावा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।बैठक में जानकारी दी गयी कि बी.डी.ए. सलैया ग्राम में 336 ई.डब्ल्यू.एस. तथा 1088 एल.आई.जी. फ्लेट कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के लिए बनाएगा। भूमि के मूल्य के मान से मकानों की लागत का आंकलन करने पर ई.डब्ल्यू.एस. की लागत 9 लाख तथा एल.आई.जी. की लागत 12.50 लाख आती है। शासन की नीति के अनुसार बी.डी.ए. द्वारा भूमि के मूल्य को घटाते हुए ई.डब्ल्यू.एस. की लागत 5 लाख तथा एल.आई.जी. की लागत 10 लाख प्रस्तावित की गयी। मंत्रि-परिषद उप समिति ने ई.डब्ल्यू.एस. फ्लेट की दर को कम कर रुपये 4.50 लाख करने की अनुशंसा की।ज्ञातव्य है कि इस पूरे प्रोजेक्ट में शासन द्वारा अनुदान के रूप में लगभग 40 करोड़ की भूमि दी जा रही है। मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के आवासों के लिये निःशुल्क भूमि उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया है।बैठक में प्रमुख सचिव आवास एवं पर्यावरण श्री इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन श्री एस.पी.एस. परिहार, प्रमुख सचिव राजस्व श्री मनोज श्रीवास्तव, आयुक्त कोष एवं लेखा श्री पंकज अग्रवाल, कलेक्टर श्री निकुंज श्रीवास्तव, बी.डी.ए. के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार पुरषोत्तम उपस्थित थे।