मुरैना । प्रेमी के साथ रंगरलियां मनाते हुए बेटे ने अपनी मां को देख लिया था। जिसके बाद मां ने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे को ही रास्ते से हटवा दिया। पुलिस ने इस हत्या का पर्दाफाश करते हुए आरोपी मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को कोर्ट मे पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
मालूम हो कि मुरैना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र मे 13 वर्षीय सीताराम कुशवाहा की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को शव चंबल के बीहड में मिला था। इसके बाद खुलासा हुआ कि सीताराम की मां गुंजा बाई ने अपने प्रेमी रफीक खान से अपने बेटे की हत्या कराई है। क्योकि रफीक और गुंजा बाई के बीच अवैध संबंध थे। दोनों को रंगरलिया मनाते हुए सीताराम ने देख लिया था। बस यही वजह सीताराम की मौत का कारण बना। अब पुलिस ने गुंजा बाई और रफीक को गिरफ्तार कर लिया है।
6 दिसंबर तक के लिए पुलिस रिमांड पर सौंपा
दोनों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने न्यायालय से 7 दिसंबर तक का रिमांड मांगा था, लेकिन न्यायालय ने दोनों आरोपियों को 6 दिसंबर तक के लिए पुलिस अभिरक्षा में सौंपा है। पुलिस अब बारीकी से हत्या के बारे में पूछताछ करेगी।
रफीक ने किया था अपहरण
विगत 27 नवंबर को मृतक सीताराम कुशवाहा का अपहरण रफीक खान ने किया था । परिजनों की सूचना पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज किया था। बीते रोज किशोर का जंगल में शव पड़ा मिला था। इस संबंध में थाना सिविल लाइन मुरैना के निरीक्षक दर्शन शुक्ला का कहना है कि हत्या में शामिल दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों को कल 6 दिसंबर तक की पुलिस रिमांड पर सौंपा है। अब हत्या के बारे में बारीकी से पूछताछ की जाएगी। ताकि हत्या के तथ्यों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।