Advertisement
जबलपुर । जबलपुर मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर पाटन उप जेल से शुक्रवार की सुबह दो कैदी फरार हो गए। जानकारी लगते ही जेल विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों ने दोनों कैदियों को आधा किलोमीटर तक पीछा कर पकड़ लिया। भागने के दाैरान दाेनाें कैदियाें काे चाेट लगी है। वहीं पीछा करने के दौरान जेलर के पैर में भी चोट आई है। फिलहाल दोनों कैदियों का जेल में इलाज करवाया जा रहा है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर भी पाटन उप जेल पहुंचे हैं। घटना की जानकारी जेल मुख्यालय भोपाल, केन्द्रीय जेल जबलपुर और कोर्ट की दी गई है।
जानकारी के अनुसार पाटन, कटरा निवासी शेख शहादत और कटंगी, कूड़न मोहल्ला का रहने वाला कृष्णा यादव दोनों ही विचाराधीन कैदी हैं। दोनों करीब पांच माह से पाटन उप जेल में बंद है। शेख शहादत रेप का आरोपी है, जबकि कृष्णा अवैध शराब बेचने के मामले में बंद है। जेलर हेमेन्द्र बागरी ने बताया कि शुक्रवार सुबह दाेनाें कैदी जेल की दीवार फांद कर फरार हाे गए। बताया जा रहा है कि दोनों कैदियों की मदद के लिए किसी अज्ञात व्यक्ति ने जेल के पीछे सीढ़ियां लगा कर रस्सी फेंकी थी। रस्सी की मदद से दोनों कैदी दीवार के ऊपर चढ़ गए थे। लेकिन ऐन वक्त पर सीढ़ी नीचे गिर गई। जेल के पीछे की 15 फीट ऊंची दीवार को पार करते समय दोनों कैदियों के पैर और कमर में चोट लग गई थी। दोनों कैदी खेत में लंगड़ाते हुए भाग रहे थे। सूचना मिलते ही जेलर हेमेन्द्र बागरी मौके पर पहुंचे और दोनों कैदियों को आधा किलोमीटर दूर ग्राम वनवार से पकड़ लिया। जेलर के मुताबिक पाटन उप जेल में इस समय पुताई और साफ-सफाई का काम भी चल रहा है। जिसके चलते बाहर से मिस्त्री और मजदूर भी रोजाना आ रहे है। आशंका जताई जा रही है कि संभवत: दोनों ही कैदियों ने इसी दौरान किसी बाहरी व्यक्ति के साथ मिलकर जेल से भागने का प्लान बनाया होगा।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |