Advertisement
बारिश के कारण कोलार को मुख्य मार्ग चलने के लायक नहीं बचा। सर्वधर्म ब्रिज से लेकर मंदाकिनी दशहरा मैदान तक करीब डेढ़ किलोमीटर के हिस्से में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। रोजाना वाहन चालक गड्ढों में फंस कर गिर रहे हैं। बारिश का पानी भरे होने से वाहन चालकों को गड्ढे नहीं दिखाई देते। रात में आवाजाही करने के दौरान पिछले दो सप्ताह में एक दर्जन से ज्यादा वाहन चालक घायल हुए हैं। रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन के अधिकारियों से शिकायत की, तो जवाब मिला सड़क पीडब्ल्यूडी की है। वहीं पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को शिकायत करने के लिए फोन लगाया, तो संबंधित अधिकारी ने फोन नहीं उठाया।
पीडब्ल्यूडी ने बारिश से पूर्व डामर कार्य कराया था। विधायक की मैराथन दौड़ से पहले भी गड्ढों को भरा था। लेकिन डामर की गुणवत्ता ठीक नहीं होने से जरा सी बारिश से डामर उखड़ गया और सर्वधर्म ब्रिज से लेकर मंदाकिनी मैदान तक गड्ढे हो गए। जिससे रोजाना 50 हजार आबादी को आने-जाने में दिक्ककतों का सामना करना पड़ रहा है।
सर्वधर्म ब्रिज से मंदाकिनी दशहरा मैदान तक सड़क के हिस्से में अनगिनत गड्ढे से होने से सुबह 10 से दोपहर 12 और शाम को 5 से 7 बजे तक रोजाना जाम लग रहा है। दोपहर 1ः30 से 2ः30 बजे तक स्कूल बसों के आने-जाने से ट्रैफिक जाम हो रहा है। जाम के दौरान न तो ट्रैफिक पुलिस रहती है और न ही कोलार थाने की पुलिस की तैनाती। ऐसे में वाहन रेंग-रेंग कर चलते हैं। मेन रोड से कॉलोनियों में जाने वाले मोड़ों पर चारों तरफ से वाहन फंस जाते हैं। जिससे जाम लग रहा है। करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पार करने में ही 20 से 25 मिनट लग रहे हैं। इससे लोग अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचने में लेट हो रहे हैं।
सर्वधर्म में रहने वाले राजीव सिंह ने बताया कोलार मेन रोड से रोजाना जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी आवाजाही कर रहे हैं, लेकिन अब तक गड्ढे नहीं भरे गए। रोजान वाहन फंस रहे हैं। डेढ़ किलोमीटर की दूरी तय करने में ज्यादा समय लग रहा है।
इस इलाके में रहने वाले सुरेश शर्मा कहते हैं रात के समय गड्ढों के कारण वाहन चालक गिर रहे हैं। हाथ-पैर में चोट लग रही है। नगर निगम से लेकर पीडब्ल्यूडी तक शिकायत की। कोई सुनवाई नहीं हो रही। रोजाना जाम की समस्या से पेरशान हैं।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा मुझे मामले की जानकारी है। पीडब्ल्यूडी के संबंधित अधिकारियों से गड्ढे भरने को कहा है। जल्द ही फिर बात कर सर्वधर्म से लेकर मंदाकिनी मैदान तक सड़क पर हुए गड्ढों को भरवाता हूं।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |