Advertisement
उज्जैन । उज्जैन के कोयला फाटक क्षेत्र में बीती 4 सितंबर को फुटपाथ पर एक महिला के साथ हुए दुष्कर्म का वीडियो बनाने वाले आरोपी को पुलिस ने शनिवार काे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि आरोपी मोहम्मद सलीम प्रकाश नगर नागदा का रहने वाला है और ऑटो चलाने का काम करता है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल बरामद किया है, जिसमें दुष्कर्म का वीडियो भी मिला है।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि दो दिनों से सोशल मीडिया पर दुष्कर्म का एक वीडियो वायरल हो रहा था। वीडियो वायरल करने वाले की हमें तलाश थी। पुलिस ने मोहम्मद सलीम पुत्र मोहम्मद यासीन शाह उम्र 42 वर्ष निवासी गली नंबर तीन प्रकाश नगर नागदा को चिन्हित कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी शर्मा ने बताया कि आराेपित सलीम वारदात के दिन बुधवार को नागदा से आई बस से कोयला फाटक चौराहे पर उतरा था। यहां से पेट्रोल पंप की तरफ पहुंचा। इसी बीच एक महिला के साथ हो रहे दुष्कर्म का वीडियो बना लिया था। मामला जब सामने आया तो आरोपी लगातार अपनी लोकेशन चेंज करने लगा था। आज यानी शुक्रवार को भी उसने 3 बार जगह बदली। पहले रतलाम फिर मंदसौर और इसके बाद नागदा पहुंचा। पुलिस ने सूचना मिलने पर दबोच लिया और देर रात उज्जैन पहुंची। एसपी की मानें तो आरोपी सलीम ने महिला के साथ हुए रेप का वीडियो बनाकर वॉट्सऐप ग्रुप में शेयर किया है। जिन लोगों ने भी घटना के वीडियो को वायरल किया है, उन सभी पर भी आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार किए गए आरोपी सलीम पर भी पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। सलीम पर पहले से भी एक केस दर्ज है। पुलिस आरोपी का रिकॉर्ड खंगालने में जुटी हुई है। पुलिस आरोपित से पूछताछ में जुटी है कि उसने मोबाइल से वीडियो क्यों बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल क्यों किया था। वहीं इस पूरे मामले में उसका कोई और साथी भी शामिल था या नहीं, उसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपित का मोबाइल जब्त कर लिया है। मोबाइल की साइबर सेल द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस ने फिलहाल आरोपित के खिलाफ बीएनएस 72, 77, 294, 67 आईटी एक्ट, महिलाओं का अशिष्ट चित्रण (निषेध) अधिनियम धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है।
बता दें कि शुक्रवार को उज्जैन से दुष्कर्म का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो के संज्ञान में आते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता सड़क पर कूड़ा और पन्नी बीनने का काम करती है। आरोपी लोकेश सब्जी व फल का ठेला लगाता है। उसने दिनदहाड़े फुटपाथ पर इस घटना को अंजाम दिया। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं पीडिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी लोकेश ने उससे शादी करने और जिंदगी भर साथ रहने का वादा किया था। वह उसकी बातों में आ गई और उसे धोखे से शराब पिलाई और फिर सड़क किनारे उसके साथ दुष्कर्म किया।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |