Advertisement
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में बुधवार रात एक यात्री बस ओवरटेक करने के चक्कर में पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि करीब करीब 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। जिन्हें 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल खंडवा लाया गया।
जानकारी के अनुसार घटना खंडवा- बुरहानपुर रोड पर जिला मुख्यालय से करीब 2 किलोमीटर दूर पांजरिया गांव के पास बुधवार रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। आर्या बस क्रमांक एमपी 12 पी 1144 में यात्री क्षमता से अधिक बैठे गए थे। ड्राइवर तेज रफ्तार में बस चल रहा था, तभी सड़क पर बने एक स्पीड ब्रेकर पर ओवरटेक करते समय बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई। जानकारी लगते ही आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बस को सीधा किया और घायलों को खिड़कियों के कांच से बाहर निकाला गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पुलिसकर्मियों के साथ ही 108 एंबुलेंस वाहन भी पहुंच गए। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया। रात 9:30 बजे तक अलग अलग एंबुलेंस वाहनों से घायलों को लाने का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान अस्पताल में घायलों के स्वजन और अन्य लोगों की भीड़ लग गई। लोग घायलों में अपनों को ढूंढते नजर आए। हादसे में साधु जगदीश निवासी गोगावां की मौत हो गई, जबकि 39 लोग घायल हो गए। घायलों में बस का कंडक्टर भी शामिल है, जिसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया। घटना के बाद बस ड्राइवर मौके से भाग गया।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉक्टर दीक्षित ने बताया कि घायलों में एक की हालत गंभीर है, बाकी सभी खतरे से बाहर हैं। पुलिस घायल यात्रियों की जानकारी प्राप्त कर उनके उपचार और परिजनों को सूचित कर रही है। इस दौरान तीनों थानों का बल अलग-अलग कामों की व्यवस्थाओं में लगा रहा। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी घटनास्थल के साथ ही अस्पताल में मौजूद रहे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |