Advertisement
इंदौर। शहर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक महिला के खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। महिला के पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति से विवाद हो गया था। इस विवाद के दौरान पड़ोसी व्यक्ति महिला के सामने निर्वस्त्र हो गया। इससे आहत होकर महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिनमें उसने पड़ोसी और उसकी पत्नी समेत 3 लोगों को जिम्मेदार बताया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक यह घटना इंदौर के एरोड्रम इलाके की है। महिला का नाम मनीषा पत्नी जगदीश निवासी छोटा बांगड़दा है। महिला के परिवार का आरोप है कि गुरुवार रात में गाड़ी हटाने को लेकर उनके बीच विवाद हो गया था। तब आरोपी ने पीड़िता और उसके पति से मारपीट की थी। इसके बाद आरोपी ने महिला के सामने कपड़े उतार दिए। इस बात से महिला काफी दुखी थी। वहीं, शुक्रवार सुबह जब महिला का बेटा सोकर उठा तो उसे उसकी मां नहीं दिखी। बेटा ढूंढ़ते हुए किचन में पहुंचा तो यहां मां को फांसी पर लटका पाया।
महिला ने मौके पर एक सुसाइड नोट भी लिखकर छोड़ा है। जिनमें अपने पड़ोसी जयप्रकाश, उसकी पत्नी पूजा और एक अन्य महिला कृष्णा का नाम लिखा है। उसने लिखा- "मैं अपने पड़ोसी जयप्रकाश और उसकी पत्नी पूजा से तंग आकर आत्महत्या कर रही हूं। दोनों ने मिलकर मुझे बीच रोड पर मारा है। मुझे अब जीने की इच्छा नहीं है। मैं अपने पति से भी पिछले 15 साल से परेशान थी। उसका संबंध एक महिला कृष्णा बामनिया से है। इस कारण वह चार साल पहले घर छोड़कर चला गया है। इस वजह से आस-पड़ोस वाले मुझे परेशान कर रहे हैं। औरतें भी रोज मुझे ताने मारती हैं। मेरी मौत के जिम्मेदार जयप्रकाश, पूजा और कृष्णा बामनिया है। मेरा पति उसके कारण मुझे तलाक भी नहीं दे रहा है। घर भी नहीं आता। क्या करूं? मुझे इंसाफ चाहिए। उसने घर, बर्तन, जेवर सब बेच दिया है।"
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |