Advertisement
राजगढ़। जिला मुख्यालय के समीप नेवज नदी के बड़े पुल के नजदीक मंगलवार रात एक यात्री बस पलट गई। बस के नीचे कई यात्री दब गए। एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। बस भोपाल से जयपुर के लिए निकली थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस व जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी अनुसार हादसा राजगढ़ कोतवाली से करीब 300 मीटर दूर एनएच-52 पर नेवज नदी के बड़े पुल पर रात करीब 9.30 बजे हुआ। एमआर ट्रेवल्स की स्लीपर यात्री बस शाम सात बजे भोपाल से जयपुर के लिए निकली थी। बस जैसे ही बड़े पुल के नजदीक पहुंची तो पलट गई। बस पलटते ही चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। साथ ही घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। जेसीबी की मदद से दो फंसे यात्रियों को निकाला गया। हादसे की सूचना मिलते ही राजगढ़ एसपी आदित्य मिश्रा समेत पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहां बस के कांच टूटे पड़े थे। डीजल भी सड़क पर फैल गया था। पुलिसकर्मियों ने रेस्क्यू शुरू किया। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया जबकि दो को भोपाल रेफर किया है। घटना की जानकारी लगने पर मंत्री नारायणसिंह पंवार, सांसद रोडमल नागर, कलेक्टर हर्ष दीक्षित भी मौक़े पर पहुंचे।
घायलों में ताहिर कश्मीरी (31)- ( कश्मीर निवासी), राजेश शर्मा(38) निवासी जयपुर, अजय सिंह(20) निवासी छिन्नापानी नर्मदापुरम, उमेश कोरकू (21) निवासी नर्मदापुरम, नितेश अखंडे - निवासी छिन्नापानी होशंगाबाद ( इसकी हालत ज्यादा गंभीर है, जिले राजगढ़ से भोपाल हमीदिया हॉस्पिटल रेफर किया गया है), योगेश वाल्मीकि (4) निवासी राजगढ़, अनुष्का वाल्मीकि (7) निवासी राजगढ़ कुरावर, पलक वाल्मीकि(5) निवासी राजगढ़ कुरावर, महेश वाल्मीकि(33) निवासी राजगढ़ कुरावर, प्रियंका नामदेव(35) निवासी झालावाड़ राजस्थान के नाम शामिल है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |