Advertisement
मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी निवासी एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने आठ पेज का सुसाइड नोट लिखा। इसमें प्रेमी से मिले धोखे का दर्द बयां किया है। उसने सोशल मीडिया पर चार पोस्ट किए। तीन में लेटर और एक में प्रेमी के साथ फोटो अपलोड किए हैं।
मृतक युवती का नाम आशा पुत्री मोहनलाल मेघवाल निवासी अमरपुरा है जो विगत कई दिनों से पिपलियामंडी में अपने दादाजी के यहां पर रह रही थी। सुसाइड नोट में उसने लिखा- अलविदा बकवास दुनिया और बकवास लोग। अलविदा मेरी जान.. ये जान तुझ पर कुर्बान। कहा था न तुम्हारे बिना जी नहीं पाऊंगी। आखिर तुमने मुझे मार ही डाला।
घटना पिपलियामंडी में बुधवार शाम की है। युवती की मौत के बाद परिजन भड़क गए। उन्होंने गुरुवार को भीम आर्मी के कार्यकतार्ओं के साथ हाईवे पर शव रखकर चक्कजाम लगा दिया। उन्होंने आत्महत्या के लिए प्रेमी को जिम्मेदार बताया। उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी और उसके मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग की। एक घंटे की समझाइश के बाद वे युवती के परिजन माने।
युवती नर्सिंग का कोर्स कर चुकी थी। अभी वह फिजियोथेरेपिस्ट का कोर्स कर रही थी। उसने अपनी सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट में 2 पेज का पत्र पिता के नाम लिखते हुए माफ कर देना पापा लिखा। वहीं, दूसरी में नागदा के रहने वाले जितेंद्र पर प्यार में धोखा देने का आरोप लगाया। तीसरी पोस्ट में युवक के साथ 10 फोटो अपलोड किए थे।
युवती के परिजन ने बताया कि दोनों काफी समय से लिव-इन में रह रहे थे। लड़के ने 5 महीने पहले किसी और से शादी कर ली थी। शादी के बाद दोनों अलग हो गए थे। कुछ समय बाद आरोपी जितेंद्र फिर लड़की से मिला। उसने कहा था कि परिवार के लिए उसने शादी की है। उसे तलाक देकर तुमसे शादी करूंगा। सोमवार को दोनों दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक साथ में रहे। रात में जितेंद्र का छोटा भाई आया और गालियां देने लगा। उसने कहा- तुम्हारी लड़की मेरे भाई को फंसा रही है।
लड़की ने कहा- अपने पिता और भाई को बुला लो, पता चल जाएगा कौन झूठ बोल रहा है। हम एक घंटे तक इंतजार करते रहे, लेकिन कोई नहीं आया। वे बहाने बनाने लगे कि बीपी लो हो गया है। इस पर मैं, लड़की को लेकर अपने दोस्तों के साथ उसके घर गए। घर पर उनका पूरा परिवार बैठा हुआ था। लड़की ने कहा- तुमने मुझसे शादी का वादा किया, अब अपने पिता के सामने यही बात कहो। जितेंद्र ने अभद्रता करते हुए शादी से मना कर दिया। उसने लड़की से काफी पैसे भी लिए थे। लड़के के पिता पहले भी दो बार घर आकर धमका चुके हैं। हमारे आने के बाद भी उन्होंने धमकाया था।
पुलिस ने लड़के के खिलाफ किया केस दर्ज
पिपलिया मंडी चौकी प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय ने बताया कि जितेंद्र नागदा मंदसौर में लॉ प्रैक्टिस करता है। चार-पांच महीने पहले उसकी शादी हो चुकी हैं। दोनों के बीच अफेयर था। लड़की के सुसाइड नोट के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। जांच में यदि उसके पिता भी दोषी पाए जाते हैं तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |