Advertisement
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बातों को कोई भी गंभीरता से नहीं लेता है। राहुल गांधी तर्कहीन बातें करते हैं। अब उनकी बातें देश में खत्म हो चुकी हैं। जिस तरह से राहुल गांधी संविधान को बचाने की बातें कह रहे हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं मालूम है कि सबसे ज्यादा संविधान बदलने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया है। कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से खोखली हो चुकी है और उनके नेता हवाहवाई बातें करते हैं। इस बार कांग्रेस सिर्फ एक टेम्पों की सवारी लायक रह जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तो संविधान को बचाने का बीड़ा उठाया है। पूरा देश मोदीमय है और हर तरफ भाजपा का माहौल है। इस बार भाजपा 370 पार और एनडीए 400 पार सीटों के साथ सत्ता में फिर से वापसी करेगी।
मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को उत्तरप्रदेश के रॉबर्टसगंज लोकसभा क्षेत्र के सोनभद्र में जनसभा एवं देवरिया में रोड शो कर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और पूरा घमंडिया गठबंधन झूठ की फैक्ट्री है। उन्होंने हमेशा से देश की जनता के साथ झूठे वादे किए और झूठ बोलने का इतिहास रचा है। वे अब भी झूठ ही बोल रहे हैं। कांग्रेस में एक ही परिवार से पांच-पांच पीढ़ियां प्रधानमंत्री बनते रहे, लेकिन उन्होंने कभी भी देश के गरीबों का हित नहीं चाहा। स्व. जवाहरलाल नेहरू, स्व. इंदिरा गांधी, स्व. राजीव गांधी और 10 साल तक सोनिया गांधी पर्दे के पीछे से सरकार चलाती रहीं और हमेशा से गरीबी हटाने का नारा देते रहे, लेकिन वे देश से गरीबी दूर नहीं कर पाए।
सीएम यादव ने कहा कि अब राहुल गांधी कह रहे हैं कि उन्हें प्रधानमंत्री बनाओ वे देश से गरीबी हटाएंगे। राहुल गांधी कितना झूठ बोलते हैं। उनकी बातों को कोई भी गंभीरता से नहीं लेता है। वे सिर्फ हवाहवाई बातें करते हैं। देश के गरीबों का भला तो भाजपा सरकार ने किया है। यह काम वही कर सकता है, जिसने गरीबी देखी हो। प्रधानमंत्री मोदी एक गरीब परिवार से आए और उन्होंने पिछले 10 वर्षों में देश से गरीबी दूर करने का काम किया है। गरीबों को पक्के मकान बनाकर दिए हैं। महिलाओं को गैस सिलेंडर दिए हैं। किसान, जवानों को उनको अधिकार और सम्मान दिलाया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देशवासियों का पहला वोट 2014 में नरेंद्र मोदी को मिला तो उन्होंने देश से आतंकवाद खत्म किया। दुश्मन देश पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर सबब सिखाया। ये काम भी दो-दो बार किया। दूसरा वोट दिया तो कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त हुआ, तीन तलाक जैसा कानून लागू हुआ, अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर निर्माण हुआ और अब वे गर्भगृह में मुस्कुरा रहे हैं। भेंट द्वारका जाने के लिए पहले पानी के जहाज से जाना पड़ता था, लेकिन अब वहां पुल का निर्माण हो गया है और अब अपनी गाड़ी से भी जा सकते हैं। इस बार का वोट भारत को विश्व का नंबर एक देश बनाने के साथ ही मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण को भी मुस्कुराने के लिए देना है।
भीषण गर्मी में किया रोड शो, उमड़ा जनसैलाब, हुई फूलों की बारिश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उत्तरप्रदेश में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में इतनी भीषण गर्मी में रोड शो किया। रोड शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव खुले रथ में सवार होकर निकले तो उन पर जमकर फूलों की बारिश भी हुई। जगह-जगह फूलों की मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया गया। रथ के आगे-पीछे भाजपा कार्यकर्ता एवं आमजन भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण की जय-जयकार करते हुए चल रहे थे। इस दौरान हर तरफ मोदी...मोदी..., अबकी बार-400 पार के नारे भी गुंजायमान होते रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रास्तेभर उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकारते हुए चलते रहे। लोगों ने अपने घरों से मुख्यमंत्री डॉ. यादव पर फूल बरसाए। हजारों लोगों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे और अबकी बार-400 पार का नारा भी दिया। रोड शो के दौरान लोग अपने हाथों में प्रधानमंत्री मोदी के कटआउट लेकर भी चलते रहे।
इससे पहले गुरुवार को सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पंजाब प्रवास के दौरान स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका और प्रबुद्धजनों से चाय पर चर्चा भी की।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |