Advertisement
भोपाल। राजधानी भोपाल में केन्द्रीय जेल के सामने भाजपा युवा मोर्चा के नेता की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार शाम 6 बजे की है। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों ने लिंक रोड नंबर दो पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक भारतीय जनता युवा मोर्चा का मंडल उपाध्यक्ष था।
एडिशनल डीसीपी जोन-4 मलकीत सिंह ने बताया कि सतीश खरे नामक एक बदमाश को हत्या के मामले में जेल हो चुकी है। वह पिछले एक महीने से पेरोल पर था। शुक्रवार को पेरोल खत्म होने पर विकास वर्मा अपने दोस्त ईशु खरे के साथ सतीश खरे को जेल छोड़ने गया था। रास्ते में पंचशील नगर निवासी सुरेंद्र कुशवाहा (27) भी मिल गया। सतीश खरे को जेल छोड़ने के बाद तीनों जेल कैम्पस से बाहर निकले, तभी सांची पार्लर के पास संदेश नरवारे, आकाश भदौरिया, छोटा चेतन उर्फ फैजल और दीपांशु सेन ने चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान दोनों गुटों के बीच चाकूबाजी हुई। सुरेंद्र की जांघ में चाकू लगा, जबकि विकास वर्मा के हाथ में चाकू लगा। दोनों घायलों को सबसे पहले श्रद्धा अस्पताल ले जाया गया। इतने में सुरेंद्र की हालत गंभीर होने पर उसे एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुरेन्द्र कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया।
मृतक सुरेन्द्र कुशवाहा भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष था और वह परिवार में इकलौता बेटा और अकेला कमाने वाले था। उनसे छोटी एक बहन है और पिता का 10 साल पहले निधन हो चुका है। परिजन कहना है कि हत्या के मामले में तंजील और भूरा हड्डी को भी नामजद किया जाए। रात में पुलिस को यह नाम दिए थे। पुलिस ने देर रात चार आरोपियों पर केस दर्ज किया है, लेकिन एफआईआर में ये दो नाम नहीं हैं। इसी से आक्रोशित परिजनों ने शनिवार को दोपहर में शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान लोगों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर एसीपी चंद्र शेखर पांडे मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |