Video

Advertisement


सेना की बस और कार में भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, कई जवान घायल
seoni,  family killed,  soldiers injured

भोपाल/ सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां मंडला के एसएफ जवानों की बस और एक कार में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 23 जवान घायल हो गए। घायलों को ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी जवान खतरे से बाहर है। इधर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों की आत्मशांति और घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

 

जानकारी अनुसार घटना शुक्रवार देर रात करीब एक बजे सिवनी के केवलारी की है। एसएफ जवानों की बस मंडला जिले के बीजाडांडी से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की ड्यूटी कर छिंदवाड़ा जिले के पांढुर्ना में ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। इस दौरान धनागढ़ा के पास सामने से आ रही अनियंत्रित नेक्सन कार की बस से सीधी भिड़ंत हो गई। कार में मंडला का परिवार था जो कि नागपुर से ईलाज करवाकर लौट रहा था। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। इधर बस सवार 35 जवानों में से 23 जवान घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को केवलारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी का इलाज जारी है। सभी घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस इस पूरी घटना की जांच में जुटी हुई है।

 

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने जताया दुख

हादसे पर मप्र के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा 35वीं वाहिनी मंडला के 31 जवानों से भरी बस और कार के बीच सिवनी के केवलारी में कल देर रात हुई टक्कर में तीन अमूल्य जिंदगियों के असमय काल कवलित होने तथा 22 जवानों के घायल होने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। दुःख की इस घड़ी में हम सबकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। घायल जवानों के इलाज की समुचित व्यवस्था कर दी गयी है, आवश्यकता होने पर देश के सर्वश्रेष्ठ चिकित्सालयों में इनकी चिकित्सा की व्यवस्था के निर्देश दिये हैं। जवानों के इलाज में हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने व शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करने तथा घायलों के शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।

Kolar News 6 April 2024

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.