Advertisement
दतिया। जिले के डगरई टोल प्लाजा पर मंगलवार रात 10-12 नकाबपोश बदमाशों ने कर्मचारियों से मारपीट के बाद फायरिंग कर दी। कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। गोलीबारी से बचने के प्रयास में 2 कर्मचारी पास के खेत में बने कुएं में गिर गए, जहां डूब जाने से उनकी मौत हो गई। घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है। पुलिस प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक ग्वालियर-झांसी हाईवे के चिरुला थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा पर मंगलवार रात 4 बाइक पर 10-12 बदमाश पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों से मारपीट कर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी से बचने के लिए टोल प्लाजा के कर्मचारी इधर-उधर भागने लगे। भागने के प्रयास में हरियाणा निवासी श्रीनिवास परिहार और नागपुर निवासी शिवाजी कांडेले पास के खेत में बने कुएं में जा गिरे और डूबने से उनकी मौत हो गई। बदमाश करीब 15-20 मिनट बाद वहां से गए। पुलिस के मुताबिक दोनों कर्मचारियों के शव कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
इस मामले में एसडीओपी प्रियंका मिश्रा ने बताया कि टोल प्लाजा पर रंगदारी दिखाते हुए अज्ञात बदमाशों ने मारपीट और फायरिंग की है। भगदड़ के बाद 2 कर्मचारी कुएं में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |