Advertisement
खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन शहर की कुंदा नदी के तट स्थित बड़घाटेश्वर मंदिर क्षेत्र में पेड़ों पर एक दुर्लभ प्रजाति का सफेद कौआ देखा गया। यहां आसपास के लोगों के लिए यह कौआ कौतुहल का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि पिछले चार दिनों से सफेद कौआ दिखाई दे रहा है। कई लोगों ने उसके फोटो लिए और वीडियो भी बनाए।
भारी संख्या में लोग कौए को देखने आ रहे हैं। इस संबंध में पीजी कॉलेज की प्राणी शास्त्र की प्रोफेसर शैली जोशी का कहना है कि भारत के अधिकांश क्षेत्रों में काले कौए ही पाए जाते हैं। केरल के कुछ क्षेत्र में सफेद कौए मिलते हैं। सफेद कौआ अधिकांश उत्तरी अमेरिका, यूरोप व एशिया महाद्वीप में पाए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि जिस तरह साइबेरियन पक्षी भारत में आते हैं, उसी तरह सफेद कौआ भी यहां पहुंचा है। सफेद कौआ सामान्य तापमान 20 से 30 डिग्री के बीच ही रह सकता है। ज्यादा गर्मी सहन नहीं कर पाएगा। गर्मी में ज्यादा रहा तो उसकी मौत हो सकती है।
प्रोफेसर शैल जोशी ने बताया कि करीब छह महीने पहले उमरिया जिले में भी सफेद कौआ दिखाई दिया था। इसके बाद दो माह पहले बड़वाह क्षेत्र में सफेद कौआ दिखाई दिया था। संभवत: यही वह कौआ है जो उमरिया से बड़वाह और अब खरगोन आ पहुंचा है। उन्होंने बताया कि सफेद कौआ को 30 डिग्री तापमान में रख कर बचाया जा सकता है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |