Advertisement
सागर/बीना। जिले के बीना कस्बा अंतर्गत ग्राम बरधा में शुक्रवार सुबह एक ह्दयविदारक घटना में दो साल के मासूम की मौत हो गई। मासूम को मां ने ट्राली की छांव में सुलाया था। इस दौरान अनाज भर जाने के बाद ट्रक ड्रायवर ने बच्चे को देखा नहीं और उसके ऊपर से ट्राली निकाल दी। पहिये की चपेट में आकर बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। वहीं बच्चे के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी अनुसार ग्राम बरधा में एक खेत में फसल कटाई के दौरान घटना हुई। यहां फसल कटाई का काम करने के लिए बाहर से मजदूरों का एक समूह आया हुआ है। शुक्रवार सुबह समूह में शामिल मजदूर संतोष कौल की पत्नी अपने दो साल के मासूम बच्चे सत्यम को सुलाकर ट्राली की छांव में पहिये के पास लिटा कर खेत में काम करने लगी। ट्राली में अनाज भरने के बाद किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। चालक ने जैसे ही ट्राली को आगे बढ़ाया, बच्चा उसकी चपेट में आ गया। हादसे में पहिए के नीचे दबकर बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। तुरंत मौके पर मौजूद लोग बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां जांच उपरांत डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर बीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बच्चे की मौत से उसके मजदूर माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |