Advertisement
भिंड। शहर के एक होटल कारोबारी के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने शुक्रवार तड़के 4.50 बजे घर में घुसकर 6 गोलियां मारीं। एसपी असित यादव ने बताया कि दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार होटल कारोबारी विनोद जैन का बेटा प्रणाम जैन (22) घर के चौथे माले पर अपने कमरे में सो रहा था। इसी दौरान हमलावर आए और उस पर लगातार फायर कर भाग गये। प्रणाम घायल हालत में दूसरे कमरे में सो रहे परिजन के पास पहुंचा और वहीं गिर पड़ा। परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। होटल संचालक के बेटे की हत्या की खबर पलक झपकते ही शहर में फैल गई, जिसके बाद घटना के विरोध में व्यापार महासंघ ने बाजार बंद की घोषणा की है। इसके बाद से ही बाजार की दुकानें बंद हो गईं।
जानकारी के अनुसार शहर के मुख्य बाजार में विनोद जैन का पन्ना होटल और रेस्टोरेंट है। इसी होटल की चौथी मंजिल पर उनका परिवार रहता है। वारदात के समय सभी लोग घर में अपने-अपने कमरे में सो रहे थे। एडिशनल एसपी संजीव पाठक मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। डॉग स्क्वायड की टीम भी बुलाई गई है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |