Advertisement
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह ने कहा कि सरकार उन लोगों का स्वागत करेगी जो जन्म-दिन पर दीनदयाल रसोई में भंडारे का आयोजन करेंगें। श्रीमती सिंह आज भोपाल के शाहजहाँनी पार्क स्थित रैन बसेरा में संचालित दीनदयाल रसोई का निरीक्षण कर रही थी। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त सुश्री छवि भारद्धाज भी उपस्थित थी।
तीन दिनों से भूखी आदिवासी माया बाई ने नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह का आभार माना है। माया बाई भोपाल के शाहजहाँनी पार्क के रैन बसेरा में संचालित दीनदयाल रसोई में खाना खा रही थी। इसी दौरान नगरीय विकास मंत्री ने रसोई का निरीक्षण करते हुए माया बाई से भोजन के संबंध में जानकारी ली। माया बाई ने मंत्री को बताया कि बेटी उपचार के लिये भर्ती है। उसकी देखभाल के कारण वह तीन दिन से खाना नहीं खा पाई थी। आज उसने दीनदयाल रसोई में भरपेट स्वादिष्ट भोजन किया।
मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि दीनदयाल रसोई योजना मजबूर तथा गरीब परिवारों के लिए वरदान है। श्रीमती सिंह ने बताया कि अभी लगभग एक हजार लोग प्रतिदिन दीनदयाल रसोई में भोजन ग्रहण कर रहे हैं। भविष्य में आवश्यकतानुसार इसे बढ़ाया जायेगा।
नगरीय विकास मंत्री ने रसोई में भोजन तैयार करने वालों से चर्चा की और प्रबंधकों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से भोजन की गुणवत्ता के संबंध में भी जानकारी ली।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |