Advertisement
इंफाल। भारत-म्यांमार सीमा पर तेंगनोपाल जिले के मोरेह शहर के पास सिक्किम गांव और कानानवेंग में सुरक्षा बलों पर संदिग्ध हथियारबंद कुकी आतंकवादियों के मोर्टार हमले में दो जवान बलिदान हो गए। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मणिपुर सरकार ने तत्काल लड़ाकू हेलीकॉप्टरों के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को एक पत्र भेजा है।
भारत-म्यांमार सीमा पर तेंगनोपाल जिले के मोरेह शहर में बुधवार की सुबह करीब 3 बजे के आसपास कुकी आतंकवादियों के मोर्टार हमले में दो जवान बलिदान हो गए, जबकि दो और सैनिक घायल हो गए। शहीदों में एक 6वीं मणिपुर राइफल्स का जवान ओयांगखेम समरजीत मैतेई है। इसके अलावा एक अन्य की पहचान का खुलासा नहीं हुआ है। इलाके में अर्धसैनिक बलों ने कुकी उग्रवादियों के विरूद्ध तलाशी अभियान चला रखा है।
मणिपुर के गृह आयुक्त टी रणजीत सिंह ने बताया कि आज सुबह करीब 3 बजे के आसपास संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने तेंगनोपाल जिले के अंतर्गत मोरेह शहर के इमा कोंडोंग लैरेम्बी देवी मंदिर के पास आईआरबी शिविर पर मोर्टार से हमला किया। हमले के समय आईआरबी और मणिपुर पुलिस के हथियारबंद जवान सो रहे थे। सशस्त्र उग्रवादियों ने हमले में सिक्किम गांव की पहाड़ियों से रॉकेट-चालित ग्रेनेड (आरपीजी) का इस्तेमाल किया। हमले में एक सीडीओ कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। एक अन्य जवान की बाद में अस्पताल में मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि असम राइफल्स का कैंप आईआरबी पोस्ट से महज 20 मीटर की दूरी पर है। गोलियों की आवाज सुनकर असम राइफल्स के जवानों ने आईआरबी जवानों की सुरक्षा के लिए अपने बुलेट-प्रूफ वाहनों का इस्तेमाल किया और उग्रवादियों का सामना करने के लिए दौड़ पड़े। टी रणजीत सिंह ने कहा कि सुबह से ही दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी जारी रही। उग्रवादी पहाड़ी चोटियों और नागरिक आवासों पर मोर्टार दाग रहे हैं। नागरिकों की सुरक्षा चिंताओं के कारण केंद्रीय और राज्य अर्धसैनिक बलों को बहुत सावधानी से जवाबी कार्रवाई करनी पड़ रही है।
गृह आयुक्त टी रणजीत ने कहा कि मौजूदा संघर्ष को देखते हुए मोरे की स्थिति और खराब हो सकती है। किसी भी समय आपातकालीन चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता हो सकती है। इसलिए उन्होंने केंद्र को एक पत्र भेजकर गोला-बारूद, सेना आदि को एयरलिफ्ट करने के लिए हेलीकॉप्टरों की मांग की है।
दरअसल, पिछले वर्ष तेंगनौपाल जिला के मोरेह में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की हत्या की घटना के मद्देनजर न्यू मोरेह के वार्ड नंबर 8 निवासी फिलिप खैखोलाल खोंगसाई और मौलसांग गांव निवासी हेमखोलाल मटे को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार किए गए दोनों लोग कुकी संगठन के शीर्ष नेता हैं। मंगलवार को कुकी संगठन ने इन्हें बिना शर्त रिहा करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद ही इस तरह की गोलीबारी की घटना सामने आई है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |