Advertisement
भोपाल। हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहले मध्यप्रदेश घने कोहरे के आगोश में है। विशेषकर ग्वालियर क्षेत्र में तो कोहरा इतना घना है कि 50 मीटर दूर देखना भी मुश्किल हो रहा है। शुक्रवार को भी यहां घना कोहरा छाया है। वहीं, गुरुवार को कोहरे के बीच दिन का अधिकतम टेम्प्रेचर 15.7 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने शुक्रवार रात में हिमालय क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का अनुमान जताया है। यह विक्षोभ 30 दिसंबर से प्रदेश के मौसम पर असर दिखाना शुरू करेगा। इसके प्रभाव से 4 जनवरी तक प्रदेश में मौसम बदला हुआ रहेगा। इस बीच प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश होने और ओले गिरने की आशंका है। यानी नए साल की शुरुआत बदले हुए मौसम से ही होगी। लेकिन इससे पहले ठंड और कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार 30 दिसंबर से 4 जनवरी के दौरान ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, भोपाल, सागर और रीवा संभाग में ओलावृष्टि और बारिश हो सकती है। इंदौर, नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल में बूंदाबांदी हो सकती है। इधर, आसमान में छाए बादलों के कारण न्यूनतम तापमान बढ़ रहा है। गुरुवार रात को राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री, इंदौर में 15.4 डिग्री, ग्वालियर में 10.8 डिग्री, जबलपुर में 11.5 डिग्री तथा उज्जैन में 13.0 डिग्री रहा। हिल स्टेशन पचमढ़ी से ज्यादा ठंडे राजगढ़ और सागर जिले रहे। राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस, सागर में 8.7, खजुराहो, नौगांव, टीकमगढ़ और गुना में 9 डिग्री रहा।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |