Advertisement
सागर। जिले की मंडीबामोरा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम शेखपुर में शुक्रवार रात दो पक्षों में झगड़ा हो गया। बात ही बात में झगड़े ने बड़ा रूप ले लिया और एक पक्ष के डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों ने हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान गोलियां भी चलीं और कुल्हाड़ी, लाठियों से भी प्रहार किए गए। इस हमले दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को सागर रैफर किया गया है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। पुलिस उन्हें तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम शेखपुर में शुक्रवार रात्रि लगभग 9.30 बजे किसी बात पर रूपेंद्र यादव, मलखान यादव का गांव के ही निर्भय यादव, नितिन यादव व अन्य लोगों से झगड़ा हुआ। बात ही बात में विवाद ने बड़ा रूप ले लिया और नितिन, निर्भय, कमल यादव सहित अन्य लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों ने बंदूक, कुल्हाड़ी, लाठियां लेकर मलखान यादव के घर पर हमला कर दिया। आरोपितों ने मलखान के घर पर अंधाधुंध फायरिंग की। धारदार हथियारों से भी हमला किया। हमले में सरस्वती पति मलखान यादव 45 वर्ष के सिर में कुल्हाड़ी लगने से सिर फट गया। साथ ही शरीर में छर्रे भी लगे। रूपेंद्र (26) पुत्र मुन्ना यादव निवासी ऐचनवारा को 18 से अधिक छर्रे लगे। वहीं मलखान यादव 50 वर्ष, हरिसिंह यादव 45 वर्ष, पार्वती यादव 42 वर्ष व विमला यादव 40 वर्ष सहित नरेश यादव घायल हो गए। सातों घायलों के साथ ग्रामीण रात्रि में ही मंडीबामोरा पुलिस चौकी पहुंचे। पुलिस ने घायलों को मंडीबामोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां उपचार न मिलने पर उन्हें बीना अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टर ने चेक करने के बाद सरस्वती यादव व रूपेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं मलखान यादव व हरिसिंह यादव को गंभीर रूप से घायल होने पर जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया। अन्य घायलों का बीना अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर आगासौद सहित खिमलासा थाने की पुलिस अस्पताल पहुंच गई। शवों को मर्चुरी में रखवाया गया और शेखपुर में आरोपितों की तलाश में पुलिस को पहुंचाया गया, लेकिन आरोपित नहीं मिले। इधर शनिवार सुबह एसडीओपी प्रशांत सुमन, खिमलासा थाना प्रभारी मोहन मर्सकोले सहित पुलिस बल अस्पताल में पहुंचा और पीड़ित पक्ष के बयान लिए।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |