Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश में इन दिनों कड़ा के ठंड पड़ रही है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण ठिठुरन लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेशभर में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। प्रदेश में सबसे ठंडी रात ग्वालियर में रही। यहां न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज किया गया। पचमढ़ी में यह 7.6 डिग्री रहा। नौगांव (छतरपुर) में 7, राजगढ़ में 7.2, दतिया में 7.3 न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ है। वहीं, गुरुवार को सबसे ठंडा दिन टीकमगढ़ में रहा। यहां अधिकतम तापमान 21 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के 20 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एसएन साहू ने बताया कि वर्तमान में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हिमालय क्षेत्र में बना हुआ है। हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। हवा के साथ नमी आने के कारण मध्यम एवं ऊंचाई के स्तर पर बादल छाने लगे हैं। उत्तर भारत की तरफ से आ रही हवाओं के कारण ठंड बढ़ी हुई है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उससे लगे पाकिस्तान के मध्य में द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। इसके अतिरिक्त महाराष्ट्र, गुजरात एवं उससे लगे अरब सागर पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से बादल छाने लगे हैं। बादलों के कारण रात के तापमान में धीरे-धीरे कुछ बढ़ोतरी होने लगी है। हालांकि, हवाओं का रुख लगातार उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। इस वजह से वातावरण में सिहरन बरकरार है। शुक्रवार से पश्चिमी-विक्षोभ उत्तर भारत के आसपास पहुंच जाएगा।
बादल घने होने के कारण रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने से ठंड से कुछ राहत मिलने लगेगी। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के बाद एक बार फिर रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |