Advertisement
भोपाल। चक्रवाती तूफान मिचौंग का असर समाप्त होने के बाद मध्य प्रदेश में बीते दो दिन से मौसम पूरी तरह साफ हो गया है और इसके साथ ही यहां कड़ाके की सर्दी भी शुरू हो गई है। प्रदेश के कई शहर इन दिनों ठंड की चपेट में है। पचमढ़ी में शनिवार रात न्यूनतम तापमान गिरकर 7.8 डिग्री पहुंच गया है। यह इस सीजन में अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं, रविवार सुबह यहां ओस की बूंदें पेड़-पौधों पर जमी दिखीं। इधर, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन में भी पारे में गिरावट आई है।
मौसम विभाग की मानें तो मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ कमजोर हो गया है। वहीं, उत्तर भारत की तरफ से सर्द हवाएं आ रही हैं, जिससे पूरे प्रदेश में जबरदस्त सिहरन बढ़ा दी है। रविवार को प्रदेश के शहरों में रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। इसी क्रम में तापमान हिल स्टेशन पचमढ़ी में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस छिंदवाड़ा में रिकार्ड किया गया। इसके साथ ही प्रदेश के 26 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो इस सीजन में सबसे कम है।
भोपाल विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एसएन साहू ने बताया कि वर्तमान में कोई भी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। मौसम साफ होने और हवाओं का रुख उत्तरी हो जाने की वजह से रात के तापमान में गिरावट होने लगी है। इससे ठंड बढ़ गई है। अभी एक-दो दिन में सिहरन और बढ़ने के भी आसार हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में मिचौंग तूफान का असर समाप्त होने के बाद वातावरण से नमी कम हुई है। इसके साथ ही हवाओं का रुख भी उत्तरी हो गया है। उत्तर भारत की तरफ से आने वाली सर्द हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है। उधर धूप निकलने के कारण अब दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। इस तरह की स्थित अभी दो दिन तक बनी रह सकती है। इस दौरान रात के तापमान में और भी गिरावट आ सकती है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |