Advertisement
भोपाल सहित पूरे प्रदेश के पटवारी और संविदा बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से अब जनता के काम प्रभावित हो रहे हैं। लोग सुबह से शाम तक कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, फिर भी उनके काम पूरे नहीं हो पा रहे हैं।
पटवारियों की हड़ताल को 12 दिन पूरे हो गए हैं। इसके कारण नामांतरण और सीमांकन के काम पूरी तरह से ठप्प पड़ गए हैं। इनके साथ आरआई भी हड़ताल पर थे, उन्होंने हड़ताल खत्म कर दी है। फिर भी काम पर नहीं लौटे हैं, लेकिन आरआई के एक धड़े ने हड़ताल खत्म करके पूरे आरआई संघ में फूट डाल दी है। फूट के कारण आरआई संघ के करीब 35 जिलाध्यक्षों ने इस्तीफा देकर प्रदेश अध्यक्ष का इस्तीफा मांगा है।
उधर संविदा बिजली कर्मचारी और आउट सोर्सिंग के कर्मचारियों की लगातार छठवें दिन हड़ताल जारी है। हड़ताल के कारण लोगों के काम अटक रहे हैं। बिजली बिल समय पर लोगों को नहीं मिल रहे हैं। बिजली बिल लेट मिलने के कारण बिजली कार्यालयों में भी बिल जमा करने की भारी लाइनें लगी हैं। बताया जा रहा है कि ऊर्जा विभाग के अफसरों ने वार्ता की थी, लेकिन वार्ता फेल हो गई है। इस कारण सेकेण्ड स्टॉप स्थित अंबेडकर मैदान में लगातार आंदोलन जारी है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |