Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलना शुरू हो गया है। हल्की गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। हालांकि नवंबर माह की शुरुआत के अनुसार ठंड का एहसास अभी थोड़ा कम हो रहा है। इसके पीछे कारण यह है कि दिन में अधिकतम तापमान तेज बना हुआ है, जबकि रात के न्यूनतम तापमान में भी कोई विशेष कमी नहीं आ रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, हवाओं का रुख बार-बार बदलने से रात के तापमान में विशेष गिरावट नहीं हो पा रही है। इस कारण दिन में तेज धूप होती है, वहीं रात में और सुबह ठंडा का हल्का एहसास होता है। सात नवंबर को एक तीव्र आवृति वाले पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत आने के बाद मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। उससे हवाओं का रुख उत्तरी होने पर रात के तापमान में तेजी से गिरावट होने के आसार हैं।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि नवंबर माह में प्रदेश में न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहता है। वर्तमान में हवाओं का रुख पूर्वी, दक्षिण-पूर्वी, पश्चिमी, उत्तर-पश्चिमी हो रहा है। इस वजह से तापमान में अपेक्षाकृत गिरावट नहीं हो पा रही है। प्रदेश के सिर्फ चार जिलों को छोड़ दिया जाए तो इसके अलावा सभी जिलों का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है। वहीं, सभी जिलों का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के ऊपर ही बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार सात नवंबर को एक तीव्र आवृति वाले पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत पहुंचने की संभावना है। उसके असर से उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। साथ ही हवाओं का रुख उत्तरी होने पर पूरे प्रदेश में तेजी से सिहरन बढ़ने की संभावना है। इधर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात प्रदेश में सबसे कम तापमान छतरपुर जिले की नौगांव में सबसे कम 14.2 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच गया। वहीं राजगढ़ में 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 12 डिग्री सेल्सियस पर रहा। गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक 35 डिग्री सेल्सियस तापमान नरसिंहपुर में दर्ज किया गया।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |